Tuesday, August 25, 2026
Homeब्रेकिंग न्यूजरायबरेली में राहुल गांधी पर CM योगी का हमला, बोले- विरासत को...

रायबरेली में राहुल गांधी पर CM योगी का हमला, बोले- विरासत को कोसना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। रायबरेली में करीब 879 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए गए बयान पर सवाल उठाए।सीएम योगी ने कहा कि राहुल गांधी मनुस्मृति, भगवान राम और भारत की विरासत पर टिप्पणी करते हैं, लेकिन भारतीय परंपरा और ग्रंथों को समझने के लिए अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण और मत्स्य पुराण जैसे ग्रंथों का अध्ययन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का इन विषयों से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत कर देता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक नेता भारत की परंपराओं और मूल्यों को लेकर लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहा है। योगी ने कहा, “राहुल जी, यह देश राहुल गांधी के रूप में आपसे बहुत अपेक्षा नहीं करता, लेकिन भारत की संसद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आपको लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जवाबदेह बनाता है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की विरासत को लेकर लगातार नकारात्मक टिप्पणी करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश से बाहर जाकर राहुल गांधी यूपी को और देश से बाहर जाकर भारत को अपमानित करते हैं।सीएम योगी ने महाराष्ट्र में राहुल गांधी द्वारा मनुस्मृति को लेकर दिए गए बयान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने महिलाओं को मनुस्मृति के कथित बंधनों से बाहर निकलने की बात कही थी। राहुल गांधी ने अपने बयान में मनुस्मृति के एक श्लोक का संदर्भ देते हुए कहा था कि बचपन में महिला पिता के अधीन, युवावस्था में पति के अधीन और पति की मृत्यु के बाद बेटे के अधीन मानी जाती है और उसे स्वतंत्र नहीं होना चाहिए।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में संविधान की शपथ ली है। इसके बावजूद वे भारतीय परंपरा और विरासत को लेकर इस तरह की टिप्पणियां करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण है और नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। उन्होंने राहुल गांधी से भारतीय इतिहास, परंपरा और ग्रंथों को समझने के बाद टिप्पणी करने की नसीहत दी।रायबरेली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनता को बेहतर सुविधाएं देने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए काम कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!