Monday, September 28, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशलिव-इन में रहने की जिद बनी हत्या की वजह, जंगल में महिला...

लिव-इन में रहने की जिद बनी हत्या की वजह, जंगल में महिला का कत्ल; 3 साल की बच्ची को भी मारने की कोशिश

स्वराज इंडिया ब्यूरो/ बिजनौर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके चचेरे भाई नीरज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि महिला नीरज के साथ लिव-इन में रहना चाहती थी और उस पर अपनी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपी ने महिला को जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी और उसकी तीन साल की बच्ची को भी जान से मारने की कोशिश की।

मामला बुधवार सुबह उस समय सामने आया, जब आलमपुर एड़वा गांव के जंगल में रामगंगा पोषक नहर के पास गन्ने के खेत से एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ। शव के पास ही उसकी तीन साल की बच्ची भी मिली, जो रो रही थी। बच्ची की हालत देखकर पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने महिला की पहचान कराने के लिए जांच शुरू की। शुक्रवार को नबलपुर निवासी अनिल कुमार ने शव की पहचान अपनी पत्नी उषा सैनी के रूप में की। जांच में पता चला कि उषा का अपने पति अनिल कुमार से विवाद चल रहा था। इसके बाद वह चांदपुर के स्याऊ इलाके में किराए के मकान में रह रही थी।

अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि उषा के अपने चचेरे भाई नीरज से संबंध थे और उसने हत्या के पीछे नीरज पर शक जताया। इसके बाद पुलिस ने नीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों के बीच लंबे समय से अंतरंग संबंध होने की जानकारी सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को नीरज उषा को हरिद्वार और ऋषिकेश घुमाने लेकर गया था। आरोप है कि उषा नीरज के साथ कमरा लेकर रहना चाहती थी और उस पर अपनी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। पुलिस का कहना है कि इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए नीरज ने मंगलवार रात उषा को आलमपुर एड़वा के जंगल में ले जाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, जंगल पहुंचने के बाद नीरज ने दुपट्टे से उषा का गला दबा दिया। आरोप है कि उसने महिला के साथ मौजूद उसकी तीन साल की बच्ची को भी मारने की कोशिश की। बच्ची को मृत समझकर आरोपी ने उसके ऊपर कंबल डाल दिया और उसमें आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद नीरज ने खुद को बचाने के लिए एक और तरीका अपनाया। वह अपनी तहेरी बहन के डेढ़ साल के बेटे को अपने साथ ले गया और बाद में बहाने से बच्चे को अपनी ससुराल में छोड़ दिया, ताकि हत्या के मामले में उस पर शक न हो। शनिवार शाम पुलिस लाइन में एएसपी देहात गौतम राय ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अब महिला की हत्या और बच्ची को नुकसान पहुंचाने की कोशिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!