Friday, November 6, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशकानपुर के गांव में देर रात क्या हुआ प्रेमिका के घर पहुंचे...

कानपुर के गांव में देर रात क्या हुआ प्रेमिका के घर पहुंचे युवक की मौत से मचा हड़कंप

कानपुर में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की मौत, कमरे में बंद होने के बाद बिगड़ा घटनाक्रम

स्वराज इंडिया ब्यूरो/कानपुर। जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र के रवाईपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के गृहस्वामी को कमरे में किसी अनजान व्यक्ति की मौजूदगी का पता चला। उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद कमरे के भीतर युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के मोहनखेड़ा गांव निवासी 25 वर्षीय शिव प्रताप सिंह उर्फ सौरव के रूप में हुई है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है।

घर में आहट सुनकर गृहस्वामी ने बंद किया कमरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिव प्रताप का रवाईपुर गांव की एक महिला से प्रेम प्रसंग था। मंगलवार रात वह उससे मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान गृहस्वामी परितोष कुमार को घर के अंदर किसी अनजान व्यक्ति की आहट सुनाई दी।

शक होने पर उन्होंने संबंधित कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घर के लोग और ग्रामीण वहां एकत्र हो गए। इसी बीच कमरे के अंदर युवक की मौत हो गई।

पुलिस की मौजूदगी में खुला कमरा

घटना की सूचना मिलने पर घाटमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खुलने पर युवक मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी, तहरीर का इंतजार

घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। युवक किन परिस्थितियों में कमरे में बंद हुआ, उस दौरान वहां कौन-कौन मौजूद था और घटना से पहले क्या हुआ—इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!