Sunday, October 4, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव का 8 अक्टूबर को अयोध्या दौरा, हनुमानगढ़ी में करेंगे पूजन;...

अखिलेश यादव का 8 अक्टूबर को अयोध्या दौरा, हनुमानगढ़ी में करेंगे पूजन; राम मंदिर पर सस्पेंस कायम

स्वराज इंडिया ब्यूरो/समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को अयोध्या के दौरे पर पहुंचेंगे। अपने करीब एक घंटे के अयोध्या प्रवास के दौरान वह हनुमानगढ़ी जाएंगे और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होंगे। खास बात यह है कि पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम में अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने का कोई उल्लेख नहीं है।पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव 8 अक्टूबर की दोपहर 3:20 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। करीब 40 मिनट बाद उनका हेलीकॉप्टर महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरसाए रामलीला मैदान में उतरेगा। यहां से अखिलेश यादव कार से कृष्णापुर खानपुर रसूलाबाद के लिए रवाना होंगे, जहां शाम करीब 4:20 बजे वह पवन पांडेय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे।

पार्टी के कार्यक्रम में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने का जिक्र है। इसके बाद अखिलेश यादव अपनी सुविधा के मुताबिक वापस लौटेंगे। हालांकि, पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक अयोध्या प्रवास के दौरान वह हनुमानगढ़ी भी जाएंगे। यहां वह पवनपुत्र हनुमान जी का विधिवत पूजन करेंगे।अखिलेश यादव के इस दौरे में सबसे अहम बात यह है कि पार्टी की ओर से जारी मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम में राम मंदिर दर्शन का कोई कार्यक्रम शामिल नहीं है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि फिलहाल अखिलेश यादव की राम मंदिर जाने की कोई योजना नहीं है। ऐसे में उनके अयोध्या दौरे के दौरान राम मंदिर दर्शन को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर फिलहाल विराम लग गया है।

अखिलेश यादव का यह अयोध्या दौरा आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक समाजवादी पार्टी ने अयोध्या विधानसभा सीट से पूर्व राज्यमंत्री और सपा नेता पवन पांडेय को उम्मीदवार घोषित किया है। पिछले दिनों सपा की ओर से आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में भी अखिलेश यादव ने पवन पांडेय का समर्थन करते हुए उनकी जीत का दावा किया था।अब चुनाव से पहले पवन पांडेय की ओर से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कृष्णापुर खानपुर रसूलाबाद में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अखिलेश यादव भी शामिल होंगे।बताया गया है कि पवन पांडेय ने इस कथा के लिए क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी निमंत्रण भेजे हैं। दावा है कि कथा के आयोजन के लिए डेढ़ लाख से अधिक निमंत्रण पत्र बांटे गए हैं।अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा ऐसे समय हो रहा है जब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऐसे में हनुमानगढ़ी में उनके पूजन और भागवत कथा में शामिल होने के कार्यक्रम को राजनीतिक और धार्मिक दोनों दृष्टिकोण से देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार उनके दौरे में राम मंदिर दर्शन शामिल नहीं है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!