
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोडशो के दौरान हादसे में 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत के मामले पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जवाब दिया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि अपने लोगों से परिवार से मिलकर हर संभव सहायता करने के लिए कहा जा चुका है।अखिलेश यादव ने कहा कि किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से सभी आहत हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है और परिवार की मदद के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने हादसे को लेकर राजनीति करने वालों पर पलटवार भी किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग यह याद रखें कि लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा व्यवहार किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान पीड़ित मां के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी गई थी।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब हादसे पर शोक जताने का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है। उनके बयान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस हमले के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री ने आर्यवर्धन सिंह की मौत को लेकर सपा पर निशाना साधा था।
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने और उनकी हर संभव सहायता करने की बात कही गई है। गोरखपुर रोडशो के दौरान हुई इस घटना को लेकर भाजपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी आर्यवर्धन के परिवार से मिलने और उन्हें न्याय दिलाने की बात कही है।


