Sunday, November 1, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशखबरों का असर: मिठाई की दुकानों पर दिखने लगे ग्लव्स और हेयरनेट

खबरों का असर: मिठाई की दुकानों पर दिखने लगे ग्लव्स और हेयरनेट

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, चार प्रतिष्ठानों से पांच नमूने लिए • रीगल स्वीट हाउस में गंदगी मिलने पर नोटिस • अब मिठाइयों की ट्रे पर एक्सपायरी डेट की पर्ची भी लगा रहे दुकानदार

स्वराज इंडिया ब्यूरो/मौदहा/हमीरपुर। त्योहारों पर मिठाइयों में मिलावट और दुकानों पर मनमानी के खिलाफ उठती आवाज का असर अब दिखने लगा है। जिन मिठाई की दुकानों पर कुछ दिन पहले तक साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के नियमों की अनदेखी नजर आती थी, वहां अब हाथों में ग्लव्स और सिर पर हेयरनेट दिखाई देने लगे हैं। मिठाइयों की ट्रे पर एक्सपायरी डेट की पर्चियां भी लगाई जा रही हैं। हालांकि, इन व्यवस्थाओं का पालन सभी दुकानों लागू करना अभी भी चुनौती है।

दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में मीडिया की खबरों, खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई से दुकानदारों पर नियमों का पालन करने का दबाव बढ़ा है। इसका फायदा ग्राहकों को स्वच्छता के प्रति बढ़ती जागरूकता के रूप में दिखाई देने लगा है। अब जरूरत इस बात की है कि बड़े प्रतिष्ठानों के साथ छोटी दुकानों पर भी साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए।
दीपावली पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को मौदहा और सुमेरपुर में छापेमारी की। उप जिलाधिकारी मौदहा करन वीर सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान चार प्रतिष्ठानों से मिल्क केक, पेड़ा, खोया और छेना के पांच नमूने संग्रहित किए गए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
मौदहा स्थित रॉयल फ्रेश फूड कंपनी से मिल्क केक और रवी स्वीट्स से पेड़ा का नमूना लिया गया। वहीं, सुमेरपुर के बीकानेर स्वीट हाउस से खोया व छेना और रीगल स्वीट हाउस से छेना का नमूना संग्रहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान रीगल स्वीट हाउस में गंदगी मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारी को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा के नियम केवल बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं हैं। छोटी दुकानों पर भी मिठाइयों को ढककर रखने, साफ बर्तनों का इस्तेमाल करने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से तैयार करने और बेचने जैसी व्यवस्थाएं जरूरी हैं। ग्राहकों को भी मिठाइयों की गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की समाप्ति तिथि पर ध्यान देना चाहिए।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. गौरी शंकर ने बताया कि त्योहार को देखते हुए विभाग पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि दूषित और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। अभियान चलाकर मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पांडेय, सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. गौरी शंकर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मृत्युंजय कुमार और थाना प्रभारी मौदहा संतोष सिंह मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!