Sunday, September 20, 2026
HomeInternationalइंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी का सरकार पर हमला,...

इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ में राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- शिक्षा छात्रों का हक, सिस्टम कर रहा भविष्य बर्बाद

 स्वराज इंडिया ब्यूरो/ कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे, जहां उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद किया। इस कार्यक्रम में शिक्षा, भर्ती, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्र नफरत नहीं करते, बल्कि प्रेम और संवाद में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और सवाल पूछना उनका स्वभाव है। राहुल गांधी ने दावा किया कि मौजूदा सिस्टम छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है और छात्रों के सामने कई तरह के दबाव हैं।

उन्होंने शिक्षा को हर छात्र का अधिकार बताते हुए कहा कि शिक्षा कोई लग्जरी नहीं है। उनके मुताबिक, किसी भी देश की शिक्षा व्यवस्था सरकार की जिम्मेदारी होती है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सिस्टम अपने लोगों और अपने बच्चों को संस्थाओं के शीर्ष पर बैठाता है और छात्रों से सवाल पूछने की क्षमता के कारण उसे खतरा महसूस होता है।

राहुल गांधी ने शिक्षा बजट और सरकारी स्कूलों को लेकर भी कई दावे किए। उन्होंने कहा कि 2014 में शिक्षा के लिए बजट का 4.6 फीसदी हिस्सा जाता था, जो बाद में घटकर 2.6 फीसदी रह गया। उन्होंने शिक्षकों के खाली पदों, छात्रवृत्ति और सरकारी स्कूलों से जुड़े आंकड़ों का भी जिक्र किया। इन आंकड़ों को उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में गिरावट से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलना जरूरी है। उन्होंने पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं को भी कार्यक्रम में उठाया। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कांग्रेस के छात्र और युवा संवाद अभियान का हिस्सा है, जिसके पहले आयोजन कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में हो चुके हैं।

राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को लेकर आयोजन से पहले राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। कार्यक्रम के पोस्टर को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप हुए। वहीं, पुलिस ने कार्यक्रम के लिए सुरक्षा से जुड़ी 31 शर्तें भी तय की थीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!