
स्वराज इंडिया ब्यूरो/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को अपने आठ उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति से मंजूरी के बाद जारी सूची में नए और संगठन से जुड़े चेहरों को जगह दी गई है। घोषित आठों उम्मीदवार मौजूदा राज्यसभा सदस्य नहीं हैं।
BJP के 8 राज्यसभा उम्मीदवार कौन हैं
भाजपा ने उत्तर प्रदेश से धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया है। सूची में दो महिला उम्मीदवार प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार शामिल हैं।
हरदीप सिंह पुरी और BL वर्मा को नहीं मिला दोबारा मौका
भाजपा की नई सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम नहीं है। दोनों उत्तर प्रदेश से मौजूदा राज्यसभा सदस्य हैं और उनका कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होना है। इनके अलावा भाजपा के अन्य निवर्तमान सदस्यों को भी इस बार उम्मीदवार नहीं बनाया गया है।
श्रुति गंगवार के नाम पर भी नजर
सूची में श्रुति गंगवार का नाम खास तौर पर चर्चा में है। वह झारखंड के राज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की बेटी हैं तथा बरेली क्षेत्र से जुड़ी हैं। भाजपा ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है।
प्रकाश पाल — कानपुर बुंदेलखंड
प्रकाश पाल वर्तमान में भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले वे भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। उनकी पहचान संगठन के मजबूत ओबीसी चेहरे के रूप में है और लंबे समय तक आरएसएस तथा एबीवीपी की पृष्ठभूमि में काम करने की जानकारी सामने आई है।
गोपी कृष्ण पांडेय -कानपुर
गोपी कृष्ण पांडेय का मौजूदा राजनीतिक जुड़ाव कानपुर से है। वह कानपुर के जूही क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और लंबे समय तक भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। 1997 में वह भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा 2000 में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे थे।उनका नरेंद्र मोदी से भी पुराना संगठनात्मक जुड़ाव बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक 2001 में मोदी कानपुर प्रवास के दौरान गोपी कृष्ण पांडेय के जूही स्थित आवास पर ठहरे थे और उसी दौरान दोनों ने कानपुर में फिल्म भी देखी थी

सामाजिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर जोर
घोषित उम्मीदवारों में तीन ओबीसी, दो दलित और तीन सामान्य वर्ग से जुड़े चेहरे बताए गए हैं। सामान्य वर्ग में दो ब्राह्मण और एक राजपूत उम्मीदवार हैं, जबकि ओबीसी वर्ग में लोधी, पाल और कुर्मी समुदायों से जुड़े चेहरे शामिल हैं। सूची में दो महिला उम्मीदवार भी हैं।
16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक और मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से होगी।
भाजपा के आठ उम्मीदवारों की घोषणा के बाद उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबले की अंतिम स्थिति सामने आएगी।
भाजपा की घोषित सूची
धर्मपाल सिंह
राधाकांत ओझा
प्रकाश पाल
विद्यासागर सोनकर
गोपी कृष्ण पांडेय
प्रियंका सिंह रावत
राम प्रताप सिंह चौहान
श्रुति गंगवार


