रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बहनों, माताओं और बेटियों के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है। यह सुविधा 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक लागू रहेगी।इस बार सरकार ने महिलाओं के साथ यात्रा करने वाले एक सहयोगी को भी नि:शुल्क बस यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। यानी महिला यात्री के साथ उनके एक सहयोगी को भी इस अवधि में बस किराया नहीं देना होगा। सरकार के इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने भाई के घर जाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को इस व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो। बड़ी संख्या में महिलाओं के यात्रा करने को देखते हुए परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

रक्षाबंधन की सौगात के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मौजूदा व्यवस्थाओं को लेकर भी शासन-प्रशासन के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाढ़ और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता के साथ निभानी होगी।
रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार के इस फैसले को महिलाओं के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। मुफ्त बस यात्रा से त्योहार पर घर जाने वाली महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयोगी का सफर आसान और कम खर्चीला होगा।


