
स्वराज इंडिया ब्यूरो/जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के कमांडर लतीफ अहमद भट को मुठभेड़ में मार गिराया। लतीफ कुलगाम के नौपुरा मीर बाजार में CRPF चौकी पर हुए हमले में शामिल था और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश थी।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने जंगलपोरा इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। बुधवार तड़के करीब 4 बजे सुरक्षाबलों का सामना आतंकवादी से हुआ, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। लतीफ जंगलपोरा की एक मस्जिद में फंस गया था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद हुई गोलीबारी में लतीफ भट मारा गया।
इससे पहले सोमवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के लारू इलाके में मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी मारा गया था और एक घायल हुआ था। मारे गए आतंकी की पहचान उमर निसार डार के रूप में हुई थी। वह लतीफ भट का साथी था और हाल ही में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था। इस मुठभेड़ में लतीफ भट भी घायल हुआ था।
11 नवंबर को कुलगाम के नौपुरा मीर बाजार में हथियारों से लैस दो आतंकियों ने CRPF की चौकी पर गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। जांच में सामने आया कि उमर निसार डार और लतीफ भट ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों की रेकी की थी।
10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच में दोनों आतंकियों के कई जगहों पर कैमरों में कैद होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज किया। पहले उमर निसार डार मारा गया और अब लश्कर कमांडर लतीफ अहमद भट भी ढेर हो गया।


