Tuesday, October 6, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशआकाश आनंद की BSP में फिर वापसी, मायावती ने दोबारा सौंपी राष्ट्रीय...

आकाश आनंद की BSP में फिर वापसी, मायावती ने दोबारा सौंपी राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी

सितंबर में पार्टी से बाहर किए गए थे आकाश आनंद, 2 अक्टूबर को मायावती से सार्वजनिक रूप से मांगी थी माफी; अब मायावती ने एक बार फिर उन्हें पार्टी में काम करने का मौका दिया है।

स्वराज इंडिया ब्यूरो/ लखनऊ / बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद की एक बार फिर वापसी हो गई है। BSP प्रमुख मायावती ने उन्हें दोबारा पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया है। यह फैसला आकाश आनंद की ओर से मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और पार्टी में फिर से काम करने का मौका देने की अपील के कुछ दिन बाद लिया गया है।

इससे पहले सितंबर 2026 में मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया था। इसके बाद उनके छोटे भाई ईशान आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी। अब करीब एक महीने के भीतर आकाश आनंद की दोबारा वापसी हुई है।आकाश आनंद ने 2 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मायावती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए पार्टी में दोबारा काम करने का मौका देने की अपील की थी। उन्होंने मायावती को अपना
राजनीतिक गुरु और प्रेरणा बताते हुए कहा था कि BSP उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि उनका परिवार है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह मायावती के नेतृत्व में पार्टी और मिशन के लिए काम करना चाहते हैं।आकाश आनंद ने अपने पोस्ट में यह भी कहा था कि वह अपने व्यवहार और मेहनत के जरिए भरोसा दोबारा कायम करना चाहते हैं। उन्होंने यह स्पष्ट किया था कि वह किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं और न ही ऐसा करेंगे। आकाश आनंद की वापसी का ऐलान करते हुए मायावती ने कहा कि उनका निजी परिवार नहीं, बल्कि पूरा बहुजन समाज उनका विराट परिवार है और उसका हित उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखने के लिए पिछले दिनों कई सख्त फैसले लिए गए और उनके अपने भाई-बहन तथा परिवार के लोग भी इससे अपवाद नहीं रहे।

मायावती ने आकाश आनंद के बारे में कहा कि पार्टी में उनका व्यक्तित्व काफी हद तक ठीक रहा है, लेकिन पिछले दिनों कुछ ऐसे कारण रहे, जिनकी वजह से संगठन में कई जरूरी बदलाव करने पड़े। उन्होंने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने का भी जिक्र किया। मायावती के मुताबिक, इसके बाद आकाश आनंद के व्यक्तित्व और कार्यशैली में बदलाव देखने को मिला।

मायावती ने आकाश आनंद के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने पार्टी में दोबारा काम करने की इच्छा जताई थी। मायावती ने कहा कि पार्टी के अधिकांश लोगों ने आकाश के अनुरोध को स्वीकार करने और उन्हें दोबारा काम करने का मौका देने का समर्थन किया। मायावती के मुताबिक, आकाश आनंद के पिता आनंद कुमार और उनके छोटे भाई ईशान आनंद ने भी उनकी पार्टी में वापसी पर सहमति जताई। उन्होंने बताया कि ईशान आनंद ने बिना किसी पद के पार्टी में काम करने की इच्छा जताई है और कहा है कि मायावती के दिशा-निर्देशन में उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, वह उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।इसके बाद मायावती ने कहा कि काफी सोच-विचार के बाद पार्टी और आंदोलन के हित में आकाश आनंद को फिर से राष्ट्रीय संयोजक बनाकर पार्टी में काम करने का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के बाद संगठन में सब कुछ सुचारू रूप से चलेगा और बार-बार संगठनात्मक बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आगे काफी कुछ आकाश आनंद पर निर्भर करेगा।

मायावती ने आकाश आनंद के साथ-साथ ईशान आनंद और आनंद कुमार को भी अपना प्यार और आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने हाल की परिस्थितियों में उनका साथ देने के लिए बहुजन समाज और अपने शुभचिंतकों का आभार जताया।

आकाश आनंद की वापसी ऐसे समय हुई है जब BSP उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की ओर बढ़ रही है। उनकी दोबारा नियुक्ति के बाद अब संगठन में उनकी भूमिका और आगे की राजनीतिक सक्रियता पर नजर रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!