
स्वराज इंडिया ब्यूरो/ भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। केरल में भारतीय टीम के साथ अभ्यास कर रहे 37 वर्षीय कोहली ने कहा कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलना चाहते हैं और यह भारत के लिए उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा।जियो स्टार से बातचीत में कोहली ने कहा कि भारत के लिए खेला जाने वाला आखिरी वर्ल्ड कप उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि वह मैदान पर अपनी पूरी जान लगाना चाहते हैं और टीम का लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है। इसके लिए जितनी मेहनत और त्याग की जरूरत होगी, वह उसके लिए तैयार हैं।
2027 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर कोहली का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनके अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। हालांकि, कोहली ने अपने प्रदर्शन से भी इन सवालों का जवाब दिया है। साल 2026 में उन्होंने अब तक छह वनडे मैचों में 64 की औसत से 384 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले हैं।अपने पिछले 10 वनडे मुकाबलों में भी कोहली का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। उन्होंने इस दौरान तीन शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं। 37 साल की उम्र में भी कोहली अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं।
वहीं, विराट कोहली ने भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल कप्तानी की भूमिका में अभी सीख रहे हैं और नए हैं, लेकिन टीम का नेतृत्व करने के लिए उनके पास सही नजरिया और आक्रामकता है। कोहली के मुताबिक, मैदान पर टीम को किस तरह आगे बढ़ाना है, इसे लेकर गिल की योजनाएं स्पष्ट हैं और उनके अंदर टीम को सही दिशा में ले जाने का जुनून है।


