Friday, August 28, 2026
Homeब्रेकिंग न्यूजपति-पत्नी के झगड़े का अजीब असर, हाईटेंशन तार में फंसे कपड़ों से...

पति-पत्नी के झगड़े का अजीब असर, हाईटेंशन तार में फंसे कपड़ों से 1000 घरों की बिजली गुल

गोरखपुर के रामजानकी नगर में घरेलू विवाद के दौरान बाहर फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में जा फंसे। इसके बाद बिजली लाइन बार-बार ट्रिप होने लगी और करीब दो घंटे तक एक हजार से ज्यादा घरों में अंधेरा छाया रहा।

गोरखपुर में मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद का ऐसा असर देखने को मिला, जिससे पूरा इलाका करीब दो घंटे तक बिजली संकट से जूझता रहा। रामजानकी नगर इलाके में एक हजार से ज्यादा घरों की बिजली अचानक गुल हो गई। बिजली विभाग की टीम काफी देर तक फाल्ट तलाशती रही, लेकिन जब कर्मचारियों ने रात में लाइन की पेट्रोलिंग की तो समस्या की असली वजह सामने आई। दरअसल, विवाद के दौरान घर से बाहर फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन में जाकर फंस गए थे।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 बजे रामजानकी नगर फीडर से जुड़े इलाके में अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। फीडर पर तैनात लाइनमैन ने बिजली सप्लाई दोबारा शुरू करने की कोशिश की। हालांकि, जैसे ही लाइन को चालू किया जाता, कुछ ही समय बाद बिजली दोबारा ट्रिप हो जाती। कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर फाल्ट तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें तत्काल खराबी की वजह नहीं मिल सकी।

लगातार ट्रिपिंग की समस्या को देखते हुए बिजली विभाग के कर्मचारियों ने फीडर से जुड़ी लाइन और आसपास के इलाके में पेट्रोलिंग शुरू की। रात में अंधेरे के बीच कर्मचारी अलग-अलग हिस्सों में बिजली लाइन की जांच करते रहे। इसी दौरान उनकी नजर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर पड़ी। तारों के बीच कपड़े फंसे हुए दिखाई दिए। कर्मचारियों ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पूरे मामले की जानकारी सामने आई।बताया गया कि एक घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने के बाद गुस्से में घर के कुछ कपड़े बाहर फेंके गए। इसी दौरान कपड़ों में से कुछ हवा के साथ उछलकर घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में जा फंसे। बिजली के तारों में कपड़े फंसने के बाद लाइन में तकनीकी गड़बड़ी पैदा होने लगी और सप्लाई बार-बार ट्रिप करने लगी। इस वजह से रामजानकी नगर और आसपास के इलाके में रहने वाले एक हजार से अधिक परिवारों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली नहीं आने से लोग परेशान हो गए। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग में लगातार शिकायतें दर्ज कराईं और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

फाल्ट की वजह पता चलने के बाद बिजली विभाग ने सबसे पहले सुरक्षा के लिहाज से संबंधित लाइन का शटडाउन लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक हाईटेंशन तारों में फंसे कपड़ों को हटाया। कपड़े हटाने के बाद लाइन की दोबारा जांच की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं और कोई खराबी तो नहीं है।

फाल्ट दूर होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। करीब दो घंटे तक परेशान रहने के बाद इलाके के लोगों को राहत मिली। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घरेलू विवाद के दौरान फेंके गए कपड़ों के हाईटेंशन लाइन में फंसने की वजह से लाइन में बार-बार ट्रिपिंग हो रही थी। कपड़े हटाए जाने और तकनीकी समस्या दूर किए जाने के बाद इलाके में बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!