


घंटों चला चेकिंग अभियान, एसीपी और कोतवाल खुद सड़क पर डटे
सायरन बजाती गाड़ियां और डंडा ताने पुलिस—राहगीरों में दहशत
बाइक से लेकर ट्रक तक, हर वाहन रोका और खंगाला गया
स्वराज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो
बिल्हौर (कानपुर)। चोरी और लूट की वारदातों से परेशान कस्बे में सोमवार रात को पुलिस ने ऐसा एक्शन दिखाया कि पूरा इलाका हड़कंप में आ गया। मकनपुर मोड़ पर घंटों चला पुलिस का सघन चेकिंग अभियान मानो किसी मुठभेड़ का दृश्य बन गया। एसीपी अमर नाथ यादव और कोतवाल अशोक कुमार सरोज खुद सड़क पर डटे रहे।सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियां, सड़कों पर चारों तरफ फैली फोर्स, और डंडा ताने खड़े सिपाही—यह नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। राहगीरों से लेकर वाहन चालकों तक सभी की सांसें थम सी गईं। बाइक हो या कार, पिकअप हो या ट्रक-हर गाड़ी को रोककर खंगाला गया।पुलिस ने हर संदिग्ध व्यक्ति से मौके पर ही पूछताछ की। कई युवाओं के मोबाइल तक चेक किए गए। हेलमेट से लेकर कागज तक की जांच हुई। लोग आपस में चर्चा करते रहे-लगता है बड़ी वारदात पकड़ी जाने वाली है..एसीपी अमर नाथ यादव ने सख्त लहजे में साफ कहा बिना जांच कोई परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। इलाके में सक्रिय बदमाशों को चेतावनी है कि पुलिस की पकड़ से अब कोई नहीं बच पाएगा। चेकिंग में अगर कहीं भी लापरवाही मिली तो सीधे जिम्मेदार पुलिसकर्मी पर कार्रवाई होगी। कस्बे और आसपास के इलाके में इस हाई-प्रोफाइल चेकिंग से दहशत का माहौल रहा। राहगीर खुद को मानो किसी एनकाउंटर जोन से गुजरते महसूस कर रहे थे।लोगों का कहना था कि लंबे समय से चोरी-छिनैती की घटनाओं ने चैन छीन रखा था। ऐसे में पुलिस का यह सख्त रवैया आम जनता के हक में है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और हर एंट्री-प्वाइंट पर इसी तरह की चेकिंग होगी।



