Friday, October 2, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशUP Politics: काजू-किशमिश पर भिड़े अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक, सोशल मीडिया...

UP Politics: काजू-किशमिश पर भिड़े अखिलेश यादव और ब्रजेश पाठक, सोशल मीडिया पर छिड़ा सियासी वार

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी के बीच अब काजू, किशमिश और बादाम भी चर्चा में आ गए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का एक वीडियो शेयर कर काजू को लेकर तंज कसा। इसके जवाब में ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव का वीडियो शेयर करते हुए काजू, किशमिश और बादाम को लेकर पलटवार किया।

स्वराज इंडिया ब्यूरो/ लखनऊ/ गुरुवार को अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर ब्रजेश पाठक का एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में ब्रजेश पाठक हेलिकॉप्टर में बैठे नजर आ रहे हैं। उनके पास रखी टेबल पर काजू और मखाना दिखाई दे रहा है।

वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा, “मुखिया हैं बेसुध-बेकाबू, आजू-बाजू खा रहे काजू!” अखिलेश यादव की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा में रही और इसके बाद ब्रजेश पाठक की ओर से भी जवाब सामने आया।

ब्रजेश पाठक ने अखिलेश का वीडियो शेयर किया

शुक्रवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इस वीडियो में अखिलेश यादव अपने सहयोगी नेताओं के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके सामने रखी टेबल पर काजू, किशमिश, बादाम, ड्राई फ्रूट्स और मिठाई की प्लेटें नजर आ रही हैं। वीडियो में अखिलेश यादव इनमें से कुछ खाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

ब्रजेश पाठक ने क्या लिखा?

ब्रजेश पाठक ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “वाह क्या ठाठ हैं, मेज पर काजू, किशमिश, बादाम और व्यंजनों की भरमार है, राजसी ठाठ का भोज है, सियासत के दिखावे की थाली में दाल-रोटी और असली थाली में पकवान है।”

उन्होंने आगे लिखा, “झूठी सादगी का ये अंदाज भी बड़ा है शानदार श्रीमान जी का, सियासत में दिखावा सादा हो तो क्या हुआ, व्यंजन तो लबाबदार है।” इस तरह दोनों नेताओं की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यूपी की चुनावी बयानबाजी में काजू, किशमिश और बादाम का मुद्दा भी चर्चा में आ गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!