Monday, November 23, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशजालौन में खाना बनाते समय फटा गैस सिलेंडर, 13 बच्चों समेत 23...

जालौन में खाना बनाते समय फटा गैस सिलेंडर, 13 बच्चों समेत 23 झुलसे

जालौन के उरई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग को बुझाने के दौरान जोरदार धमाका हो गया। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 23 लोग झुलस गए। इनमें 13 बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को बेहतर इलाज के लिए झांसी रेफर किया गया है।जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में रविवार शाम गैस सिलेंडर ब्लास्ट की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक सभासद माता प्रसाद के मकान में परिवार के लोग खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने के बाद घर में मौजूद लोग बाहर निकल आए।

आग बुझाने की कोशिश के दौरान मोहल्ले के कुछ लोग और बच्चे भी मौके पर पहुंच गए। लोग सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की चपेट में वहां मौजूद लोग आ गए और देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 23 लोग झुलस गए। घायलों में पांच महिलाएं, पांच पुरुष और 13 बच्चे शामिल हैं। सभी को बर्न इंजरी हुई है।

जालौन के एसपी सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक 19 लोगों को 30 प्रतिशत से कम और चार लोगों को 30 प्रतिशत से अधिक झुलसने की चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।हादसे में गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सुरेश चंद्र रावत, एएसपी और एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और परिजनों से जानकारी ली।एसपी सुरेश चंद्र रावत ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सिलेंडर में आग लगने और उसके बाद विस्फोट होने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!