Wednesday, September 30, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशझांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबे...

झांसी में श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा, सुखनई नदी में डूबे एक ही परिवार के 5 लोग

स्वराज इंडिया ब्यूरो/ झांसी

उत्तर प्रदेश के झांसी में पितृपक्ष के दौरान श्राद्ध कर्म के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। मऊरानीपुर क्षेत्र की सुखनई नदी में एक ही परिवार के पांच लोग डूब गए। हादसे में पिता-पुत्र, दो भतीजे और एक भांजे की मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में मातम पसरा है।

एक को बचाने की कोशिश में चार और लोग नदी में उतरे

जानकारी के मुताबिक, देवरी सिंहपुरा निवासी अनूप तिवारी अपने 12 वर्षीय बेटे अर्पित, भतीजे अभिनय तिवारी और श्रेयांश तिवारी तथा भांजे पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी के किनारे पिंडदान और श्राद्ध कर्म के लिए पहुंचे थे।

कर्मकांड के दौरान अनूप तिवारी नदी में उतरे और अचानक गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के लिए उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्य भी पानी में उतर गए। देखते ही देखते पांचों लोग गहरे पानी में डूब गए।

करीब 30 मिनट चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों को बुलाकर नदी में तलाश अभियान शुरू कराया गया। करीब 30 मिनट के रेस्क्यू के बाद पांचों को नदी से बाहर निकाला गया।

सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों में पिता-पुत्र और रिश्तेदार शामिल

हादसे में 45 वर्षीय अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, 26 वर्षीय भतीजे अभिनय तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और 23 वर्षीय भांजे पुष्कर शुक्ला की मौत हुई है। पुष्कर शुक्ला जालौन जिले का रहने वाला था।

प्रशासन ने शुरू की सहायता की प्रक्रिया

मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती, सीओ रत्नेश कुमार और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!