
शिक़ायत पर पुलिस ने चारों को दबोचा
स्वराज इंडिया न्यूज ब्यूरो फरीदाबाद। साइबर सिटी फरीदाबाद में एक आईटी प्रोफेशनल युवक को हनीट्रैप में फंसाकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। युवक की समझदारी और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद की एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत अनिल कुमार की इंस्टाग्राम पर एक युवती से दोस्ती हुई। युवती ने उसे मिलने के लिए शहर के एक अपार्टमेंट में बुलाया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। थोड़ी देर बाद मौके पर महिला के दो साथी दलाल पहुंच गए और उन्होंने पूरी घटना का वीडियो दिखाकर युवक से 5 लाख रुपये की मांग की।युवक ने तत्काल भुगतान करने में असमर्थता जताई। आरोपियों ने उसके मोबाइल खाते की जांच कर उसमें मौजूद 10 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और बाकी रकम अगले दिन लाने के लिए कहा।आईटी प्रोफेशनल ने हिम्मत दिखाते हुए सीधे पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रणनीति बनाकर जाल बिछाया और तयशुदा स्थान पर पैसा लेने पहुंचे चारों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी जाल में फंसने की स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद लें।



