Wednesday, February 4, 2026
Homestock marketग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में वीबीजी राम जी अधिनियम...

ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में वीबीजी राम जी अधिनियम 2025 ऐतिहासिक कदम : ब्रजेश पाठक

उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय कानपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी जानकारी


प्रमुख संवाददाता स्वराज इंडिया/कानपुर। ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से लाया गया वीबीजी राम जी अधिनियम 2025 एक ऐतिहासिक पहल है। यह बात उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नए अधिनियम के लागू होने तक मनरेगा योजना पूरी तरह जारी रहेगी और ग्रामीणों को मिलने वाली रोजगार गारंटी में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं भी पूर्ववत जारी रहेंगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि वीबीजी राम जी अधिनियम केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे संरचना निर्माण, कौशल विकास, तकनीक और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से जोड़ा गया है, जिससे गांवों में स्थायी और समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत रोजगार गारंटी को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर कार्य उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो बेरोजगारी भत्ता का अनिवार्य भुगतान किया जाएगा। रोजगार को अब योजना नहीं बल्कि कानूनी अधिकार का स्वरूप दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार योजनाएं तैयार करेंगी। गांवों के सुनियोजित विकास के लिए पीएम गति शक्ति, जीआईएस जैसे आधुनिक तकनीकी उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। विभिन्न विभागों और उनकी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्राकृतिक आपदाओं और असाधारण परिस्थितियों में त्वरित राहत और प्रतिक्रिया के लिए अधिनियम में विशेष प्रावधान किए गए हैं। यह अधिनियम तकनीक, नवाचार और कौशल उन्नयन को रोजगार से जोड़ते हुए स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा तथा आय वृद्धि और उद्यमिता के नए अवसर सृजित करेगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, विधायक राहुल बच्चा सोनकर, नीलिमा कटियार, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, एनडीए संयोजक सुरेश गुप्ता, लोक जनशक्ति पार्टी अध्यक्ष विपिन यादव, सुभासपा जिला अध्यक्ष अनुज सोनी, सोहन लाल कोल, अपना दल अध्यक्ष रामप्रकाश पाल, निषाद पार्टी अध्यक्ष राज निषाद सहित अनेक नेता उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता का संचालन भाजपा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!