UP Board Cyber Crime: साइबर ठगों ने यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राओं और उनके पेरेंट्स को निशाना बनाया है. इस पर यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पत्र जारी कर अभिभावकों को सतर्क किया है.
स्वराज इंडिया न्यूज ब्यूरो | UP Board Result 2024 Date यूपी बोर्ड के परिणाम की तैयारी के बीच साइबर ठग भी सक्रिय हो रहे हैं। वह यूपी बोर्ड परीक्षा में अंक बढ़वाने के लिए परीक्षार्थियों को फोन कर रहे है। परीक्षार्थियों को फोन कर बता रहे हैं कि वह परीक्षा में फेल है। उसे पास कराने का प्रलोभन देकर धन की मांग की जा रही है।
सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ०प्र० प्रयागराज के प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक अचल कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित हुए छात्र-छात्राओं के अंक बढ़ाने तथा उन्हे फेल से पास कराने का प्रलोभन देकर कुछ साइबर ठगों द्वारा परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से धन की मांग कर उन्हे ठगने का कुप्रयास किया जा रहा है। गत वर्षों में भी ऐसी घटनाओं के प्रति जनसामान्य को सचेत करते हुए इस प्रकार की ठगी का कुप्रयास करने वाले साइबर ठगों के विरूद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज करायी गयी थी। अतः समस्त परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अनुरोध है कि साइबर ठगों के इस प्रकार के फोन कॉल्स का कदापि संज्ञान न लें और प्रलोभन में न आयें। इस प्रकार के फोन कॉल्स आने पर उसकी सूचना तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को दें।
परीक्षार्थियों को फोन कर बता रहे हैं कि वह परीक्षा में फेल है। उसे पास कराने का प्रलोभन देकर धन की मांग की जा रही है। यूपी बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने कहा है कि परीक्षार्थी इस तरह की फोन कॉल का संज्ञान न लें। कई विद्यालयों के प्रधानाचार्य कंप्यूटर ऑपरेटर की कमी के कारण परीक्षार्थी का परीक्षा फॉर्म भरवाने का कार्य साइबर कैफे के माध्यम से कराते हैं।
साइबर ठग कैफे से जुटाते हैं जानकारी
साइबर ठग परीक्षार्थियों का फोन नंबर सहित विवरण कैफे से जुटा लेते हैं। इसके बाद जब परीक्षाफल तैयारी का कार्य यूपी बोर्ड में शुरू होता है तो ठग उनके नंबरों पर संपर्क कर पास कराने या ज्यादा नंबर दिलाने के नाम पर धन ऐंठते हैं। पिछले वर्ष भी पूर्वांचल के कुछ जिलों से इस तरह की शिकायतें आई थीं, जिनके विरुद्ध संबंधित डीआईओएस ने एफआईआर दर्ज कराई थी।
इस वर्ष भी यूपी बोर्ड का कर्मचारी बनकर परीक्षार्थी को पास कराने का प्रलोभन देकर धन मांगने की शिकायत मिली है। ऐसे में बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने पास करने के नाम पर परीक्षार्थियों के पास आने वाले फोन काल को साइबर ठगों की चाल बताया है। परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सचेत किया है कि वह किसी के बहकावे में आकर धन कदापि न दें। इसकी सूचना तत्काल डीआईओएस को जरूर दें, ताकि एफआइआर दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जा सके।
क्षेत्रीय कार्यालयों ने मंगाई मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाएं
यूपी बोर्ड ने वर्ष 2024 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षाफल घोषित करने की तैयारी के साथ स्क्रूटनी की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए यूपी बोर्ड सचिव के निर्देश पर मूल्यांकन केंद्रों से मूल्यांकित सभी उत्तर पुस्तिकाएं संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में भेजी जा रही हैं। कई जिलों के मूल्यांकन केंद्रों से सभी उत्तर पुस्तिकाएं भेज दी गई हैं। कुछ जिलों में शिक्षणेत्तर कर्मचारी उत्तर पुस्तिकाएं ले जाने से इनकार कर रहे हैं।
259 मूल्यांकन केंद्रों पर हुआ है मूल्यांकन
परीक्षाफल घोषित करने के बाद परीक्षार्थी के स्क्रूटनी के लिए आवेदन करने पर संबंधित परीक्षार्थी की उत्तर पुस्तिका से अंकों का मिलान किया जाएगा। यूपी बोर्ड की परीक्षा में करीब तीन करोड़ कॉपियों का उपयोग हुआ है। इनका मूल्यांकन प्रदेश के 259 मूल्यांकन केंद्रों पर यूपी बोर्ड ने करा लिया है।
उत्तर पुस्तिकाओं को कार्यालय में भेजा जा रहा
मूल्यांकन कार्य के बाद परीक्षार्थियों को दिए गए अंक का अवार्ड ब्लैंक परीक्षकों ने तथा उप प्रधान परीक्षकों (डीएचई) के लिफाफे क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से यूपी बोर्ड को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके बाद मूल्यांकित की गई उत्तर पुस्तिकाओं को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में भेजे जाने का कार्य चल रहा है।


