
स्वराज इंडिया ब्यूरो।
कानपुर के थाना चौबेपुर क्षेत्र अंतर्गत हनुमान मंदिर के सामने फ्लाईओवर पर दिनांक 02 नवम्बर 2025 की देर रात लगभग 2:00 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई।
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ डिपो की बस (संख्या UP78 LN 5710) अलीगढ़ से कानपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रक (संख्या PB10F V 6883) ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिसके कारण पीछे से आ रही बस ट्रक से टकरा गई।
इस भीषण टक्कर में बस चालक पुष्पेंद्र (पुत्र बच्चू सिंह, निवासी नगला नाथू, थाना शाहाबाद, जनपद हाथरस, उम्र 42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। बस की एक अन्य सवारी प्रेमपाल पथरिया (पुत्र श्री रामनाथ, निवासी सिविल लाइन नगर, जनपद एटा, उम्र 73 वर्ष) को भी चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी चौबेपुर भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के पश्चात चालक पुष्पेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
मृतक चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। बस में सवार अन्य 7–8 यात्रियों को दूसरी बस द्वारा सुरक्षित भेजा गया, जिनमें से किसी को कोई चोट नहीं आई।


