
स्वराज इंडिया न्यूज ब्यूरो | प्रमुख संवाददाता
मुंबई/अहमदाबाद। गुजरात के कांडला से मुंबई आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। टेकऑफ के दौरान बॉम्बार्डियर Q400 विमान का एक टायर रनवे पर गिर गया। इसके बावजूद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए उड़ान जारी रखी और मुंबई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। सभी 75 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। एयरलाइन ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में इंडिगो विमान की टेल रनवे से टकराई

इसी दिन मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो के A321 विमान की टेल रनवे से टकरा गई। खराब मौसम के चलते पायलट ने लैंडिंग के बजाय गो-अराउंड (दोबारा टेकऑफ) का फैसला लिया। इस दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया। दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतरा। सभी यात्री और क्रू सुरक्षित रहे, लेकिन विमान को फिलहाल जांच और मरम्मत के लिए ग्राउंड कर दिया गया है।इधर, बेंगलुरु से ग्वालियर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट पहली बार में लैंड नहीं कर पाई। हालांकि, दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतर गया।बार-बार हो रही इन घटनाओं ने एविएशन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले दिनों मुंबई एयरपोर्ट पर भी एयर इंडिया की फ्लाइट रनवे से फिसल गई थी। कोच्चि से मुंबई आई इस फ्लाइट के तीन टायर फट गए और इंजन का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। बारिश और रनवे पर फिसलन को इस घटना की वजह माना गया।
अहमदाबाद क्रैश से सबक नहीं?

एविएशन सुरक्षा पर चिंता इसलिए और बढ़ जाती है क्योंकि हाल ही में अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लंदन जा रही इस फ्लाइट में 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। विशेषज्ञों का कहना है कि मामूली तकनीकी खामी और समय पर की गई लापरवाही भी बड़े हादसों को जन्म देती है।यात्रियों और एयरलाइंस स्टाफ की जान बचाने के लिए आवश्यक है कि हर छोटी गड़बड़ी को गंभीरता से लिया जाए। अगर कड़े मानक और समय पर जांच नहीं हुई, तो कांडला और मुंबई जैसी घटनाएं भविष्य में अहमदाबाद क्रैश जैसी त्रासदियों का रूप ले सकती हैं।
मुख्य बिंदु
- कांडला-मुंबई स्पाइसजेट फ्लाइट का टायर उड़ान के दौरान गिरा, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग हुई।
- मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो का विमान गो-अराउंड के दौरान रनवे से टकराया।
- बेंगलुरु-ग्वालियर एयर इंडिया फ्लाइट पहली बार में लैंड नहीं कर पाई।
- जुलाई में मुंबई में एयर इंडिया की फ्लाइट रनवे से फिसली थी।
- अहमदाबाद एयर इंडिया क्रैश (241 मौतें) ने लापरवाही के खतरनाक नतीजे दिखा दिए।



