
स्वराज इंडिया न्यूज ब्यूरो, अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या जहां भक्त श्रद्धा से रामलला के दर्शन को आते हैं, वहीं एक गेस्ट हाउस में महिला श्रद्धालुओं की गोपनीयता से खिलवाड़ करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। राम जन्मभूमि के वीआईपी दर्शन मार्ग गेट नंबर 3 के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में रुकी महिलाओं ने आरोप लगाया है कि वहां कार्यरत युवक ने बाथरूम में चोरी-छिपे वीडियो बनाए। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शहर के हृदय स्थल, राम जन्मभूमि के समीप स्थित एक गेस्ट हाउस में यह घटना सामने आई है, जो श्रद्धा की नगरी को शर्मसार करने वाली है। सुबह लगभग 6 बजे जब महिला श्रद्धालु स्नान कर रही थीं, तभी उन्हें महसूस हुआ कि बाथरूम के आसपास किसी की मौजूदगी है। शक गहराते ही महिला ने शोर मचाया और अन्य श्रद्धालु भी मौके पर पहुंच गए।

महिलाओं की शिकायत पर पुलिस तत्काल गेस्ट हाउस पहुंची और वहां कार्यरत सौरभ नामक युवक को हिरासत में ले लिया। सौरभ बहराइच जिले का रहने वाला है और लंबे समय से अयोध्या के इस गेस्ट हाउस में कार्यरत है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने जब सौरभ का मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले। इनमें से कुछ क्लिप्स कथित रूप से गेस्ट हाउस के बाथरूम में रिकॉर्ड की गई थीं।
रामजन्मभूमि थाना के एसएचओ अभिमन्यु शुक्ला का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में सौरभ ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं, उसके मोबाइल में 10 वीडियो मिले है। जिन्हें लेकर पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से जांच को आगे बढ़ा रही है।
घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। रामनगरी जैसे धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटनाएं न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं, बल्कि अयोध्या की छवि को भी धूमिल करती हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और गेस्ट हाउस के प्रबंधक से भी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि सभी गेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।


