Friday, February 13, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशलखनऊ में महिला सुरक्षा के लिए बड़ी पहल, स्कूल-कॉलेजों में लगेंगी शिकायत...

लखनऊ में महिला सुरक्षा के लिए बड़ी पहल, स्कूल-कॉलेजों में लगेंगी शिकायत पेटिकाएं

प्रमुख संवाददाता स्वराज इंडिया। लखनऊ।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने एक बड़ी पहल की है। अब राजधानी के सभी बालिका विद्यालयों और महिला महाविद्यालयों में शिकायत पेटिकाएं लगाई जाएंगी, जिनमें छात्राएं बिना नाम बताए अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगी। इन शिकायतों पर पुलिस की ओर से तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आयुक्त और जेसीपी एलओ बबलू कुमार ने आदेश जारी करते हुए महिला सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड को भी एक्टिव किया है। इस अभियान के तहत 54 थानों की एंटी रोमियो स्क्वायड टीम को रेडियो मुख्यालय में ब्रीफ किया गया। हर स्क्वायड में वर्दीधारी सशस्त्र पुलिसकर्मी और सादे कपड़ों में महिला-पुरुष पुलिस शामिल रहेंगे।

यह टीमें रोजाना सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सक्रिय रहेंगी। स्कूल और कॉलेज के बाहर गश्त के साथ-साथ शाम के समय मॉल, पार्क और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी उनकी तैनाती होगी। वाहनों पर मिशन शक्ति का लोगो और एंटी-रोमियो स्क्वायड की पहचान अंकित रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मनचलों को पहली बार चेतावनी दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनके माता-पिता से बातचीत भी की जाएगी। हालांकि, पकड़े गए व्यक्तियों का फोटो, नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाएगा, ताकि दोबारा ऐसी हरकत होने पर सख्त कार्रवाई की जा सके। यह पहल राजधानी में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर की प्राथमिकताओं में शामिल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!