
📍कानपुर | स्वराज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो |
✍️BY: SHIVANK AGNIHOTRI
सचेंडी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। प्रेम प्रसंग का राज खुलने पर मामी और भांजे ने मिलकर मामा की हत्या कर दी। साजिश इतनी खौफनाक थी कि पहले उसे नींद की दवा देकर बेहोश किया गया और फिर लोहे की सरिया से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर के पीछे बाग में गाड़ दिया और सबूत मिटाने के लिए उस पर नमक डालकर जल्दी गलाने की कोशिश की। लेकिन यहीं से धीरे-धीरे पूरी सच्चाई सामने आने लगी।
मां की ममता ने खोला राज
मूलरूप से बांदा निवासी सावित्री अपने बेटे शिववीर सिंह, बहू और तीन पोते-पोतियों के साथ सचेंडी के लालूपुर गांव में किराए के मकान में रहती थीं। नवंबर 2024 में वह कुछ दिनों के लिए बांदा गई थीं। जब 5 नवंबर को लौटीं तो बेटे का कोई अता-पता नहीं था। बहू ने उन्हें झांसा दिया कि वह गुजरात में नौकरी करने गए हैं। कई महीनों तक कोई संपर्क न होने पर सावित्री का संदेह गहराता गया। आखिरकार कुछ दिन पहले उन्होंने सचेंडी थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने जब बहू और नाती से सख्ती से पूछताछ की तो हैरान करने वाले खुलासे हुए। सामने आया कि बहू और नाती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। यही वजह बनी कि दोनों ने मिलकर शिववीर की हत्या की। मां की ममता और शक ने आखिरकार बेटे की मौत का सच सबके सामने ला दिया।

कब्र से कंकाल तक का सफर
पूछताछ में भांजे ने कबूल किया कि 2 नवंबर की रात शिववीर को नींद की दवा देकर सुला दिया गया। इसके बाद सरिया से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। शव को छिपाने के लिए घर के पीछे बाग में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। जल्दी सड़ाने और सबूत मिटाने के लिए शव पर 10–12 किलो नमक भी डाला गया।लेकिन कुछ महीनों बाद जब कुत्तों ने गड्ढा खोदना शुरू किया तो हड्डियां बाहर आने लगीं। पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने शव की हड्डियां बाहर निकालकर पनकी नहर में फेंक दीं। यहीं से इस खौफनाक वारदात की परत-दर-परत सच्चाई सामने आनी शुरू हो गई।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
सावित्री की शिकायत और पुलिस की लगातार पूछताछ के दबाव में अंततः यह सनसनीखेज मामला खुल गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के बाद आरोपी पत्नी और भांजे को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात न सिर्फ प्रेम प्रसंग की घिनौनी परिणति है बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना भी है। सचेंडी और आसपास के गांवों में इस घटना की चर्चा हर तरफ है और लोग अभी भी अविश्वास में हैं कि मामी और भांजा मिलकर इतना बड़ा अपराध कर सकते हैं।
🔴 मुख्य बिंदु
- सचेंडी में मामी और भांजे ने मिलकर पति की हत्या की।
- नींद की दवा खिलाने के बाद सरिया से पीटकर मौत के घाट उतारा।
- शव को घर के पीछे बाग में दफनाकर ऊपर 10–12 किलो नमक डाला गया।
- कुछ माह बाद कुत्तों ने गड्ढा खोदा, हड्डियां बाहर निकल आईं।
- पकड़े जाने के डर से हड्डियां पनकी नहर में फेंक दी गईं।
- मां की ममता और संदेह ने उजागर किया सनसनीखेज राज।
- पुलिस ने आरोपी पत्नी और भांजे को गिरफ्तार कर लिया।



