
स्वराज इंडिया न्यूज़ डेस्क | कानपुर 📍
कानपुर में रिश्तों को कलंकित कर देने वाला हत्याकांड — 55 वर्षीय दिव्यांग किसान राजकुमार सिंह राजावत की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के दामाद मोहित सिंह तोमर ने 6 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी। हत्या के वक्त दामाद खुद मौके पर मौजूद था और अपनी आंखों के सामने ससुर को चाकुओं से गोदते देखता रहा।
अफेयर पर उठा विवाद बना खौफनाक वारदात की वजह

डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी दामाद मोहित सिंह तोमर अपनी पत्नी नम्रता से बेमन से शादी करने के बाद उससे लगातार झगड़ा करता था।मोहित ने पूछताछ में बताया —
“मेरी पत्नी का अफेयर चल रहा था। जब ससुर से शिकायत की तो उन्होंने मुझे जेल भिजवाने की धमकी दी। इसके बाद मैंने ससुर और पत्नी दोनों की हत्या की योजना बनाई।”
मोहित ने औरैया के बिधूना निवासी ऋषभ और प्रिंस दुबे को छह लाख रुपये की सुपारी दी। दोनों ने मिलकर राजकुमार सिंह राजावत को चाकू से 18 बार गोदकर हत्या कर दी हत्या के वक्त मोहित खुद थोड़ी दूरी पर खड़ा होकर वारदात देख रहा था।
17 अक्टूबर से लापता थे किसान, बेटी ने की पहचान

राजकुमार की पत्नी अनीता देवी का कानपुर के मुरारीलाल चेस्ट अस्पताल में इलाज चल रहा था।17 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे वह अस्पताल से बाहर खाना खाने की बात कहकर निकले थे, मगर वापस नहीं लौटे।परिजनों ने जब फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। 19 अक्टूबर की सुबह जेके कैंसर हॉस्पिटल परिसर में शव मिला।शिनाख्त बेटी नम्रता ने की। मृतक के सीने और पेट पर गहरे घाव थे।
तीन दिन में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, दामाद गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले।एक फुटेज में राजकुमार दो युवकों के साथ बाइक पर जाते दिखे।पुलिस ने सुरागों के आधार पर मोहित तोमर को औरैया से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया।उसके साथी ऋषभ और प्रिंस दुबे अब भी फरार हैं।
मुख्य बिंदु
- मृतक: राजकुमार सिंह राजावत (55), किसान, औरैया निवासी
- आरोपी: दामाद मोहित सिंह तोमर, बिधूना निवासी
- वजह: पत्नी के अफेयर और ससुर से विवाद
- हत्या की तारीख: 17 अक्टूबर
- हत्या का तरीका: 18 बार चाकू से गोदा गया
- सुपारी राशि: ₹6 लाख
- गिरफ्तारी: दामाद गिरफ्तार, दो साथी फरार
- जांच: DCP सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह की निगरानी में चल रही है
स्वराज इंडिया का सवाल:
रिश्तों की यह कहानी अब सवाल छोड़ गई है —क्या “असम्मति की शादी” और “टूटी संवेदनाएं” अब हत्या की वजह बनेंगी?कानपुर पुलिस का दावा है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी “बहुत जल्द” होगी।



