
- बुखार से मासूम की मौत, अफवाह ने बना दिया सनसनीखेज़ ड्रामा
- परिजन बोले रंजिश की वजह से उड़ाई गई फर्जी खबर
स्वराज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो
बिल्हौर (कानपुर)। सोमवार की सुबह कस्बे में सोशल मीडिया पर उड़ाई गई एक सनसनीखेज़ अफवाह ने पुलिस-प्रशासन से लेकर आम लोगों तक को हिला दिया। चर्चा फैलाई गई कि एक माँ ने अपने ही मासूम बेटे को फ्रिज में रखकर मौत के घाट उतार दिया। देखते ही देखते यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। लोगों में दहशत और कौतूहल बढ़ा तो पुलिस भी हरकत में आई और मौके पर जा पहुँची।
लेकिन जब हकीकत सामने आई तो अफवाह फैलाने वालों की पोल खुल गई और सच्चाई ने सबको चौंका दिया। परिजनों के मुताबिक लोहिया नगर निवासी लक्ष्मी की शादी मैनपुरी जनपद के मनीराम गांव के संजू से हुई थी। शादी के बाद से वह ससुराल और मायके में आती-जाती रही। फिलहाल वह पिछले करीब चार महीने से मायके में रह रही थी।
बुखार से दम तोड़ गया मासूम
लक्ष्मी के 11 माह के बेटे राजा की तबियत रविवार से ही बिगड़ गई थी। तेज बुखार से जूझ रहे बच्चे ने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। घर में मातम छाया तो वहीं सोशल मीडिया पर फैली झूठी खबर ने परिवार के ज़ख्म और गहरे कर दिए। बच्चे के नाना रामआसरे ने बताया कि नाती की मौत बीमारी से हुई है। कुछ लोग हमसे निजी रंजिश और जलन रखते हैं,इसलिए उन्होंने झूठी अफवाह फैलाई कि बच्चे को फ्रिज में रखकर मार दिया गया।
पुलिस बोली-पूरा मामला फर्जी
सोशल मीडिया पर फैली सनसनी के बाद पुलिस मौके पर पहुँची। जांच-पड़ताल के बाद कस्बा इंचार्ज सचिन भाटी ने स्पष्ट कहा कि पूरा मामला फर्जी है। बच्चे की मौत प्राकृतिक रूप से हुई है। सोशल मीडिया पर उड़ाई गई खबर पूरी तरह निराधार है।


