वित्तीय वर्ष 2023-24 में नगर निगम का राजस्व वसूली लक्ष्य 414 करोड़ रुपये के सापेक्ष करीब 400 करोड़ रुपये हुई
नगर आयुक्त शिव शरण्नपा जीएन ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले आरआई होंगे सम्मानित
मुख्य संवाददाता, स्वराज इंडिया
कानपुर।
कानपुर नगर निगम के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा राजस्व वसूली सरकार तक चर्चा का विषय है। गत वित्तीय वर्ष में चार सौ करोड़ रुपये आय होने से नगर निगम के अधिकारी खुश हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में नगर निगम का राजस्व वसूली लक्ष्य 414 करोड़ रुपये के सापेक्ष करीब 400 करोड़ रुपये हुई है। पिछले राजस्व वसूली से 45 प्रतिशत अधिक है। इसको लेकर नगर निगम को केंद्र व प्रदेश से 241 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसमें मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट शहरी (सीएम ग्रिड) में दो सौ करोड़ और वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए 41 करोड़ रुपये मिलेंगे। चुनाव आचार संहिता के बाद शहर में विकास कार्य कराने का खाका तैयार किया जाएगा। सीएम ग्रिड से पांच सड़कों को हाईवे की तर्ज पर बनाने के लिए टेंडर हो चुके है। अब धन की कमी भी नहीं आएगी। इस वित्तीय वर्ष में नगर निगम ने राजस्व वसूली 400 करोड़ रुपये करके रिकार्ड तोड़ दिया है। पहली बार 1861 में पुलिस की सहायता से गृहकर वसूला गया था। इस वर्ष सिर्फ 45 हजार रुपये वसूली हुई थी। पहले मात्र आठ शहर होते थे अब 267 वर्ग किलोमीटर में शहर का क्षेत्रफल हो गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में शुरू के तीन माह में 25 प्रतिशत वसूली करने पर शहर को सीएम ग्रिड में सौ करोड़ रूपए स्वीकृत हुए थे। अब लक्ष्य के करीब पहुंच गए हैं।
नगर आयुक्त शिवशरणपा जीएन ने बताया कि केंद्र सरकार से वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पहले 148 करोड़ रुपये मिल चुके है। पिछले साल से 25 प्रतिशत से अधिक वसूली होने पर पर 41 करोड़ रुपये और मिलेंगे। सीएम ग्रिड में रोड व वाटर ड्रेनेज सिस्टम के लिए सौ-सौ करोड़ यानि दो सौ करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं, बेहतर राजस्व वसूली करने वाले जोनल प्रभारियों को प्रमुख सचिव अमृत अभिजात सम्मानित करेंगे ।


