
स्वराज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो | झांसी
झांसी सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के भोजला गांव में सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाली वारदात हुई। बाइक से आए बदमाशों ने किसान अरविंद यादव (38) को पत्नी के सामने गोलियों से भून डाला। हमलावरों ने घेरकर ताबड़तोड़ चार गोलियां मारीं। पत्नी संगीता ने जब बचाने की कोशिश की तो उसे थप्पड़ मारकर धक्का दे दिया गया। हत्या के बाद आरोपी गोलियां चलाते हुए मौके से फरार हो गए।
बैंक से लौटते वक्त हुआ हमला

अरविंद और उनकी पत्नी बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर लोन चुकाने जा रहे थे। तभी 5-6 बाइकों पर सवार 10-12 हमलावरों ने घेराबंदी कर दी। आरोप है कि गोली मारने के बाद हमलावर रुपये और मोबाइल भी लूट ले गए। संगीता के मुताबिक, इस हमले में पूर्व प्रधान रिंकू यादव और उसके परिवारजन शामिल थे।
2019 के मर्डर केस से जुड़ी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि 2019 में पूर्व प्रधान रिंकू यादव के चाचा मुन्ना यादव की हत्या हुई थी। उसी मामले में अरविंद आरोपी था और जमानत पर बाहर आया था। परिवार का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश की वजह से अरविंद की हत्या की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मुन्ना यादव मर्डर केस के बाद अरविंद के बड़े भाई नरेश यादव की भी हत्या कर दी गई थी, लेकिन उसका शव अब तक नहीं मिला।
खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा अरविंद
गोलियां लगने के बाद अरविंद सड़क पर खून से लथपथ पड़ा रहा। पत्नी संगीता वहीं बैठकर मदद की गुहार लगाती रही। आसपास के लोग जुटे और एंबुलेंस बुलाकर उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया“हत्या का आरोप रिंकू यादव और उसके परिवार पर है। तीन टीमें गठित की गई हैं, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।”
मातम में डूबा परिवार

अरविंद यादव अपने पीछे पत्नी संगीता और 14 वर्षीय बेटे दिलीप को छोड़ गया है। गांव में इस वारदात के बाद दहशत और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
🔴 मुख्य बिंदु
- झांसी के भोजला गांव में किसान अरविंद यादव की गोली मारकर हत्या।
- पत्नी के सामने 4 गोलियां मारीं, बचाने पर थप्पड़ और धक्का दिया।
- बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर लौटते समय हमला।
- आरोप पूर्व प्रधान रिंकू यादव और उसके परिवार पर।
- 2019 के मर्डर केस से जुड़ी पुरानी रंजिश।
- अरविंद के बड़े भाई नरेश की भी पहले हत्या, शव अब तक लापता।
- पुलिस ने 3 टीमें गठित कर जांच शुरू की।



