
अबॉर्शन कराने आई महिला की आंत काटकर छीन ली ज़िंदगी!
वर्षों के एक बहुमंजिला मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
स्वराज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो
बिल्हौर (कानपुर)। कनपुर के बिल्हौर में अवैध अबॉर्शन के दौरान दलित महिला की मौत ने सनसनी फैला दी। खुद को रिटायर्ड सरकारी डॉक्टर बताने वाली पूनम कटियार पर आरोप है कि गर्भपात की प्रक्रिया में लापरवाही से महिला की आंत कट गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने पूनम, उसके पति और तीन अन्य पर गैर इरादतन हत्या और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
शिवराजपुर निवासी दिनेश गौतम 24 अगस्त को पत्नी रेखा को गर्भपात कराने के लिए बिल्हौर स्थित पूनम कटियार के क्लीनिक ले गया । आरोप है कि तीन मंजिला मकान में चल रहे इस गुप्त क्लीनिक में पूनम ने पति व तीन अन्य की मौजूदगी में अबॉर्शन किया। लापरवाही इतनी गंभीर रही कि महिला की छोटी आंत ही कट गई।
घर लौटते ही रेखा को असहनीय दर्द शुरू हुआ। तबियत बिगड़ने पर परिजन पहले उसे आरएस अस्पताल कल्याणपुर और फिर मैट्रो अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि गर्भपात गलत तरीके से किया गया और आंत कट जाने से हालत नाजुक हो गई। इलाज के दौरान रेखा की मौत हो गई।
पीड़ित पति ने एसीपी व एसडीएम बिल्हौर को तहरीर देकर आरोप लगाया कि पूनम कटियार ने झूठ बोलकर खुद को सरकारी रिटायर्ड डॉक्टर बताया और उसकी पत्नी की जान ले ली। एसडीएम के आदेश पर सीएचसी अधीक्षक की टीम ने मौके पर जांच की। वहां से खून से सनी रुई, ग्लव्स, गलत दवाएं और उपकरण बरामद हुए। फर्जी क्लीनिक को तत्काल सील कर दिया गया। इसके बाद इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने पूनम कटियार, उसके पति और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज़िंदगियों से खिलवाड़ का अवैध कारोबार
बिल्हौर:-स्थानीय लोगों का कहना है कि पूनम कटियार का यह अवैध क्लीनिक कोई नया नहीं था। यह सालों से इसी तरह संचालित हो रहा था। कई महिलाएं यहां पहुंचती रहीं और मौत का यह धंधा बेरोकटोक चलता रहा।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर किसके संरक्षण में यह कारोबार सालों से चलता रहा? क्या स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी, या फिर सब लोग जानबूझकर चुप्पी साधे रहे?


