Saturday, February 14, 2026
Homeराजस्थाननागौर में हुई पंद्रह लाख की लूट, कितना सच-कितना झूठ

नागौर में हुई पंद्रह लाख की लूट, कितना सच-कितना झूठ

जुए-सट्टे की सूचना पर पहुंची पुलिस को जुआरी-सटोरिए तो हाथ नहीं आए, उनके खिलाफ पंद्रह लाख की लूट का मामला रोल थाने में दर्ज हो गया।

रोल: जुए-सट्टे की सूचना पर पहुंची पुलिस को जुआरी-सटोरिए तो हाथ नहीं आए, उनके खिलाफ पंद्रह लाख की लूट का मामला रोल थाने में दर्ज हो गया। नागौर डीएसटी (जिला विशेष टीम) के चार जवानों को नामजद कराया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। जायल सीओ परिवीक्षाधीन आईपीएस अमित जैन को मामले की जांच सौंपी गई है।

सूत्रों के अनुसार गुरुवार की रात किसी नाथूराम के यहां जुआ-सट्टे की सूचना पर नागौर डीएसटी के जवान वहां पहुंचे। लोकेशन की चूक के चलते जुआरी-सटोरिए तो भाग गए पर बाद में वहीं के एक जने की ओर से इस संबंध में इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया गया। पुखराज डिडेल पुत्र गणपत राम जाट ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को उसके घर जागरण था और शुक्रवार को प्रसादी थी। वो गुरुवार की रात मेहमानों के साथ अपने ट्यूबवेल पर सोने चला गया। मध्य रात्रि में डीएसटी के चार पुलिसकर्मी कार से आए, इनमें रामकुमार बांगड़ा, विनोद, रामदर्शन व एक अन्य शामिल था। इन चारों ने बंटाईदार बद्रीराम नायक खंवर को धमकाया और गालियां देकर कहा कि यहां पर डोडा-अफीम की तस्करी के साथ जुआ का बड़ा अड्डा चल रहा है। हम नागौर डीएसटी से आए हैं, तलाशी लेंगे। उनके पास कुछ नहीं मिलने पर कमरे के बक्से की तलाशी ली जहां हाल ही में बेची गई फसल के 15 लाख रुपए रखे थे। इन जवानों ने बंदूक दिखाई और यह रकम ले गए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

कई सवाल जो अनसुलझे

सूत्र बताते हैं कि डीएसटी के जवानों का इस तरह रकम लूट ले जाना किसी के गले नहीं उतर रहा। वो इसलिए भी कि डीएसटी का काम अवैध शराब/मादक पदार्थ की तस्करी के साथ जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करना है। ये चारों जवान किसी सूचना पर गए थे तो फिर खेत के ट्यूबवेल में तलाशी के दौरान मिली नकदी कैसे ले गए। बताया यह जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व एक गांव में रोल थाना प्रभारी तक को कुछ लोगों ने देर तक रोके रखा था। हालांकि दिनभर यह कथित लूट चर्चा का विषय बनी रही, कुछ लोगों ने इसमें रोल थाना पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए।

इनका कहना

जुए-सट्टे की इत्तला पर टीम गई थी। टीम वहां पहुंची तब तक वो सारे इधर-उधर भाग गए। अब हकीकत क्या है, यह तो जांच के बाद सामने आएगा। मामले की जांच जायल सीओ परिवीक्षाधीन आईपीएस अमित जैन कर रहे हैं।

नारायण टोगस, एसपी नागौर

पुखराज पुत्र गणपत राम जाट की रिपोर्ट पर पंद्रह लाख की लूट का मामला दर्ज किया गया है।जगदीश सिंह, हैड कांस्टेबल, रोल थाना

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!