स्वराज इंडिया | कानपुर मेट्रो के सेकेंड रूट सीएसए से बर्रा-8 के बीच निर्माण कार्य और तेज हो गया है। सोमवार को मेट्रो ने विजय नगर गल्ला मंडी भी डायवर्जन कर दिया है। विजय नगर डबल पुलिया से सब्जी मंडी की तरफ आने-जाने वाले वाहन अब सिर्फ एक लेन से आ-जा सकेंगे।
दोनों तरफ एक-एक लेन बंद की गई
मेट्रो ने दोनों तरफ एक-एक लेन को बंद कर दिया है। बता दें कि डबल पुलिया के आगे मेट्रो एलिवेटेड हो जाएगी। इसके लिए अब डिवाइडर के बीच में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। मेट्रो ने डिवाइडर के बीच में करीब आधा किमी. बेरिकेडिंग कर दी है। वहीं मेट्रो ने पूरा सेटअप तैयार कर दिया है।
मिट्टी परीक्षण का काम पूरा
मेट्रो ने सेकेंड रूट पर मिट्टी परीक्षण के लिए जगह-जगह खोदाई की थी। गल्ला मंडी तक परीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम शुरू किया जाएगा। सेकेंड रूट पर सबसे पहले रावतपुर से काम शुरू किया गया। काकादेव में भी काम तेज कर दिया गया है।
इस रूट पर बढ़ेंगी वाहनों की मुश्किलें
विजय नगर रोड की एक-एक लेन बंद होने से रुक-रुक कर वाहन फंस रहे हैं। इस रोड पर हैवी व्हीकल से लेकर छोटे वाहन तक रोजाना लाखों की संख्या में गुजरते हैं। मेट्रो के निर्माण कार्य के बाद इस रूट पर जाम लगने की समस्या बढ़ने वाली है। सोमवार को सुबह भी रुक-रुककर जाम लग रहा है।
दूसरे रूट पर होंगे 3 अंडरग्राउंड स्टेशन
बता दें कि कानपुर मेट्रो के लगभग 8.6 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) में तीन अंडरग्राउंड स्टेशन रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया का निर्माण होना है। इस कार्य के लिए दिसम्बर 2023 में केपीआईएल-गुलेरमक संयुक्त उद्यम को टेंडर अवॉर्ड किया गया था।
इसके तहत अंडरग्राउंड सेक्शन में टीबीएम से टनल निर्माण, डबल पुलिया के बाद रैंप, मुख्य लाइन और डिपो को जोड़ने के लिए कॉरिडोर-2 के डिपो में रैंप तथा भूमिगत मेट्रो स्टेशनों के निर्माण किए जाएंगे।


