
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे पर खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने अपने नेताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं। पार्टी ने कहा है कि कोई भी नेता सीट बंटवारे को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी न करे। इसी बीच कांग्रेस सांसद राजेंद्र पाल गौतम ने समाजवादी पार्टी को जल्दबाजी में उम्मीदवारों की घोषणा न करने की सलाह दी है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी नेताओं के बयानों पर सख्त रुख अपनाया है। कांग्रेस ने निर्देश जारी किया है कि कोई भी नेता सीट बंटवारे को लेकर कोई टिप्पणी न करे। इससे पहले मंगलवार रात कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। अब कांग्रेस सांसद राजेंद्र पाल गौतम ने भी समाजवादी पार्टी को सीटों के बंटवारे को लेकर सलाह दी है।बुधवार को राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में इतनी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि जब सपा ने अपनी सूची जारी की, तब भी दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही थी। गौतम ने साफ कहा कि कांग्रेस को सम्मानजनक संख्या में सीटें चाहिए और तीन अंकों से कम की संख्या उसे मंजूर नहीं है।इमरान मसूद की नाराजगी पर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि उनकी चिंताएं जायज हैं, क्योंकि वह सहारनपुर के सांसद हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ इमरान मसूद ही नहीं, बल्कि सभी नेताओं को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।दरअसल, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा को लेकर कड़ी आपत्ति जताई थी। इससे पहले गठबंधन को लेकर हुई बैठकों में उन्होंने कांग्रेस की ओर से इन दोनों सीटों पर अपना दावा पेश किया था। इन सीटों पर सपा द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने के बाद मसूद ने कहा था कि वे समाजवादी पार्टी से भीख नहीं मांग रहे हैं।अखिलेश यादव द्वारा कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने की खबरों पर भी इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस ने सपा से सीटों की ऐसी कोई मांग नहीं की थी, फिर भी एकतरफा घोषणा कर दी गई। मसूद ने कहा था कि अगर ऐसा तानाशाही रवैया अपनाया जाता है, तो उनके जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति के लिए यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं होगा। बता दें कि दोनों दलों के बीच हुई एक बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 130 सीटों की एक सूची सौंपी थी, जबकि सपा की ओर से 26 सीटें देने की बात चल रही थी। हालांकि, दोनों दलों के बीच बातचीत अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। इसी बीच सपा ने बातचीत जारी रहने के दौरान ही पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी, जिससे कांग्रेस को झटका लगा। अब सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच कांग्रेस हाईकमान ने अपने नेताओं को सार्वजनिक टिप्पणी से बचने का निर्देश दिया है।


