Sunday, October 25, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशवाराणसी पहुंचे पीएम मोदी, नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो...

वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी, नमो घाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में होंगे शामिल

स्वराज इंडिया ब्यूरो/वाराणसी, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर हैं। इस दौरान वह मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विशेष हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

अरविंद की नई इकाई से रोजगार को बढ़ावा देने की उम्मीद

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में वाराणसी के खोचवां क्षेत्र में स्थापित नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन प्रमुख रूप से शामिल है। इस परियोजना का उद्देश्य कपड़ा और परिधान निर्माण के क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार करना है।

इस इकाई में महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। इससे क्षेत्र की महिलाओं को विनिर्माण क्षेत्र में काम करने के अवसर मिलने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।

नमो घाट पर दिखेगा वायुसेना का हवाई कौशल

प्रधानमंत्री इसके बाद नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होंगे। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के जरिए देश की हवाई क्षमता और पायलटों के कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन में तेजस, राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड सहित विभिन्न विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में होने वाला यह आयोजन लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।

राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है तथा यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

वाराणसी के बाद ओडिशा जाएंगे प्रधानमंत्री

वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर जाएंगे। वहां वह भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा वाराणसी में औद्योगिक निवेश, रोजगार के अवसरों और भारतीय वायुसेना की उपलब्धियों से जुड़े कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

error: Content is protected !!