
स्वराज इंडिया न्यूज ब्यूरो/सहारनपुर: जम्मू-कश्मीर पुलिस और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंबाला रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल से डॉक्टर आदिल अहमद राथर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी डॉक्टर के लॉकर से AK-47 राइफल बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि आदिल आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में था।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर पुलिस ने हाल ही में शहर के विभिन्न हिस्सों में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन वाले पोस्टर मिलने के बाद जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति पोस्टर लगाते हुए दिखाई दिया, जिसकी पहचान अनंतनाग निवासी डॉक्टर आदिल अहमद राथर के रूप में हुई। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की, जो सहारनपुर में मिली। डॉक्टर आदिल अहमद सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित एक प्रसिद्ध अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर एसएसपी आशीष तिवारी से संपर्क कर स्थानीय पुलिस की सहायता से अस्पताल में छापा मारा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डॉक्टर आदिल को अदालत में पेश कर श्रीनगर पुलिस की ट्रांजिट रिमांड पर ले जाया गया। जांच के दौरान आरोपी के लॉकर से एक AK-47 राइफल बरामद की गई, जिसे देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। अब यह जांच की जा रही है कि यह हथियार डॉक्टर तक कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल कहां किया गया।

सूत्रों के अनुसार, आदिल अहमद पहले अनंतनाग के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी सेवाएं दे चुका है। पुलिस ने उसके कश्मीरी नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डॉक्टर का आतंकियों से क्या संबंध था और वह कितने समय से उनके लिए काम कर रहा था। इस खुलासे के बाद सहारनपुर का प्रसिद्ध अस्पताल भी जांच के दायरे में आ गया है, जहां आरोपी डॉक्टर कार्यरत था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।


