
लखनऊ में नीला जनसैलाब: कांशीराम परिनिर्वाण दिवस पर बसपा का शक्ति प्रदर्शन, मायावती ने भरी हुंकार
प्रमुख संवाददाता स्वराज इंडिया/लखनऊ। प्रदेश की राजधानी आज नीले रंग में रंगी नजर आई। लंबे अंतराल के बाद लखनऊ की सड़कों पर बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं का जबरदस्त जनसैलाब देखने को मिला। पार्टी संस्थापक कांशीराम के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बसपा ने अपनी राजनीतिक ताकत का भव्य प्रदर्शन किया।

प्रदेश भर से लाखों की संख्या में बसपा समर्थक ट्रेन, बस और निजी वाहनों से लखनऊ पहुंचे। कांशीराम स्मारक स्थल और रमाबाई मैदान पूरी तरह नीले झंडों और जय भीम के नारों से गूंज उठा। भीड़ का उत्साह देखकर राजधानी का माहौल पूरी तरह बसपामय हो गया।कार्यक्रम में बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी के संस्थापक कांशीराम को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि “बहुजन समाज की विचारधारा ही सामाजिक न्याय और विकास की सच्ची कुंजी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।मुख्य मंच पर मायावती के साथ बसपा की सोशल इंजीनियरिंग के सात प्रमुख चेहरे मौजूद रहे, जबकि दूसरे मंच पर प्रदेश के मंडल कोऑर्डिनेटर और जिला पदाधिकारियों को स्थान दिया गया।कानपुर से जिला अध्यक्ष कुलदीप गौतम के नेतृत्व में हजारों बसपा कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे। युवा बसपा नेता रवि गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और “बहुजन मिशन” को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह बसपा का अब तक का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन है, जो यह संकेत दे रहा है कि पार्टी प्रदेश की राजनीति में दोबारा अपने पुराने जनाधार को मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। नीले झंडों की लहर और जय भीम के नारों के बीच, बसपा ने दिखाया कि उसका जनाधार अब भी जिंदा है — और आने वाले चुनाव में वह निर्णायक भूमिका निभाने को तैयार है।



