
स्वराज इंडिया न्यूज ब्यूरो। नई दिल्ली।
साल का दूसरा और अंतिम चंद्रग्रहण रविवार रात 9:56 बजे से शुरू होकर सोमवार तड़के 1:28 बजे तक चला। करीब 3 घंटे 28 मिनट तक चले इस खगोलीय घटना ने पूरे देशभर के लोगों को रोमांचित कर दिया।
तमिलनाडु से शुरू हुआ यह चंद्रग्रहण पूरे भारत में देखा गया। रात 11 बजे से 12:23 बजे तक यानी पूरे 82 मिनट तक पूर्ण चंद्रग्रहण रहा। इस दौरान पृथ्वी सूर्य और चांद के बीच आ गई, जिससे चांद पर पृथ्वी की छाया पड़ी और वह लाल-नारंगी रंग का दिखाई देने लगा। इसी अद्भुत नजारे को ‘ब्लड मून’ कहा जाता है।



खगोल विज्ञानियों के मुताबिक, साल 2022 के बाद भारत में दिखने वाला यह सबसे लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण रहा। खास बात यह रही कि 27 जुलाई, 2018 के बाद पहली बार देश के सभी हिस्सों से इस ग्रहण का नजारा साफ दिखाई दिया। इसे बिना किसी विशेष चश्मे या फिल्टर के सीधे आंखों से देखा जा सका। वहीं कई लोगों ने दूरबीन और टेलिस्कोप के जरिए इसे और नजदीक से निहारा।


