स्वराज इंडिया/ बाराबंकी

रामनगर तहसील क्षेत्र में घाघरा-सरयू नदी के किनारे स्थित हेतमापुर तटबंध पर बाढ़ से बचाव का मॉकड्रिल किया गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर यह अभ्यास आयोजित किया गया।
रामनगर तहसील क्षेत्र से गुजरने वाली घाघरा-सरयू नदी में हर साल बाढ़ आती है। इससे आसपास के दर्जनों गांव जलमग्न हो जाते हैं। लोगों को कई महीनों तक बाढ़ की समस्या का सामना करना पड़ता है।
मॉकड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों ने लोगों को बाढ़ से बचाव के तरीके बताए। उन्हें सिखाया गया कि बाढ़ आने पर सबसे पहले अपने जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थान पर जाएं। प्रशासन द्वारा बनाए गए शेल्टर में आश्रय लें।
लोगों को बताया गया कि आपात स्थिति में 108 पर फोन कर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी तरह की समस्या होने पर बाढ़ प्रबंधन अधिकारियों को सूचित करें। प्रशासन तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करेगा।
सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन बाढ़ से बचाव के लिए लगातार प्रयासरत है। इस मॉकड्रिल का उद्देश्य लोगों को बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए तैयार करना है।


